नैनीताल में एसडीएम नवाजिश खलीक ने अस्पताल, जल संस्थान और विद्युत विभाग का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कई खामियां मिलने पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
नैनीताल में एसडीएम नवाजिश खलीक ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के नक्शे कदमों पर चलते हुए अचानक बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण कर सभी विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आपको बतादे की एसडीएम ने सबसे पहले बीडी पांडे अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और तीमारदारों से सीधे बातचीत कर सुविधाओं की स्थिति जानी। साथ ही यह भी जांच की कि कहीं मरीजों को बाहर से दवाइयां तो नहीं मंगाई जा रही हैं। उन्होंने अस्पताल के अभिलेखों की भी गहन जांच की और साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जल संस्थान कार्यालय का निरीक्षण किया और गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश दिए। साथ ही लीकेज की समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। वहीं विद्युत विभाग कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने रजिस्टरों की जांच की और व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने की बात कही।