रामनगर में कलश यात्रा के दौरान तीन महिलाओं के गले से गोल्ड चेन चोरी होने से हड़कंप मच गया। वीडियो फुटेज में 4 से 5 संदिग्ध महिलाएं दिखाई देने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
रामनगर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। जहां कलश यात्रा में शामिल तीन महिलाओं के गले से सोने की चेन गायब हो गई। दरअसल, रामनगर में सोमवार से शुरू होने जा रही श्रीमद् भागवत कथा से पहले विशाल कलश यात्रा निकाली गई थी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। बता दे, यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए अग्रवाल सभा भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ, लेकिन यात्रा खत्म होने के बाद तीन महिलाओं ने अपने गले से सोने की चेन गायब होने की जानकारी दी। वही घटना सामने आते ही महिलाओं और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया। इसके बाद आयोजक मंडल और मौके पर मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। बताया जा रहा है कि कलश यात्रा की वीडियोग्राफी आयोजक मंडल द्वारा कराई जा रही थी। जब पुलिस ने वीडियो फुटेज खंगाले तो उसमें 4 से 5 संदिग्ध महिलाएं दिखाई दीं, जिन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया था। बताया जा रहा है कि ये महिलाएं बाहरी शहर की लग रही हैं।
इतना ही नहीं बल्कि, आशंका जताई जा रही है कि रामनगर में महिलाओं का कोई चेन स्नैचर गैंग सक्रिय हो सकता है, जो भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों को निशाना बना रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासे और संदिग्ध महिलाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं धार्मिक आयोजन में हुई इस घटना के बाद लोगों में डर और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है।