हल्द्वानी के तिकोनिया स्थित एक स्पा सेंटर पर पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम ने संयुक्त छापेमारी कर 3 युवकों समेत कई युवतियों को हिरासत में लिया है।
हल्द्वानी के तिकोनिया इलाके में एक स्पा सेंटर पर पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम ने छापा मारकर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने स्पा सेंटर से 3 युवकों समेत कई युवतियों को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, इस स्पा सेंटर में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां चलने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोग भी इसकी गतिविधियों को लेकर परेशान थे। शिकायतों के आधार पर एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद सीओ अमित सैनी और कोतवाल विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्पा सेंटर पर अचानक छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके से 3 युवकों और कई युवतियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस सभी को कोतवाली लेकर आई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।