रामनगर में वृद्ध महिला से चेन स्नैचिंग के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बाइक और लूटा गया मंगलसूत्र भी बरामद किया है।
रामनगर में वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है और घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दे ,मामला 16 अप्रैल का है, जब पीरुमदारा क्षेत्र में एक वृद्ध महिला से बाइक सवार बदमाशों ने मंगलसूत्र छीन लिया था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। वही पीड़ित के पति की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और आरोपियों की तलाश तेज कर दी। इसी क्रम में पुलिस टीम को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर मुखबिर की सूचना पर चौधरी ढाबे के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जिसमे गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सावेज उर्फ भूरा और जुबेर, निवासी काशीपुर के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग किशोर को भी पकड़ा गया है।
साथ ही पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक के साथ मंगलसूत्र के 6 दाने और एक पेंडल भी बरामद किया है। मामले में एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।