रामनगर में रिसॉर्ट्स की मनमानी और नियमों की अनदेखी से ग्रामीण परेशान हैं। देर रात डीजे, पटाखों और जनरेटर के शोर को लेकर लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है। सख्त कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी ।
रामनगर में पर्यटन जहां तेजी से बढ़ रहा है, वहीं अब रिसॉर्ट्स की मनमानी स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। दरअसल, कॉर्बेट नेशनल पार्क के आसपास तेजी से खुल रहे रिसॉर्ट्स नियमों को दरकिनार कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। वही ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी ने इस मुद्दे पर कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि क्षेत्र में करीब 300 से 400 रिसॉर्ट्स संचालित हो रहे हैं, लेकिन कई जगह सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं हो रहा। वही कई रिसॉर्ट्स में देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजता है, पटाखे फोड़े जाते हैं और जनरेटर का शोर लगातार बना रहता है। इसका सीधा असर स्थानीय निवासियों, खासकर छात्रों की पढ़ाई और बुजुर्गों की दिनचर्या पर पड़ रहा है।
उन्होंने एक ताजा मामला भी सामने रखा, जहां रात 12 बजे तक डीजे बजता रहा, ऊपर से बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। जनरेटर का शोर और पर्यटकों का हंगामा, खासकर छात्रों और बुजुर्गों के लिए बड़ी दिक्कत बन गया है। हालांकि प्रशासन के साथ बैठक में रिसॉर्ट संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन संजय नेगी ने साफ चेतावनी दी है—अगर जल्द सख्ती नहीं हुई, तो ग्रामीण सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।