पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस-बदमाश मुठभेड़ में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।
ऋषिकेश में दून पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बत दे देर रात हुई पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ में फायरिंग की घटना में संदिग्ध दो शातिर बदमाश घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए आते दिखाई दिए। हालाकि पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बैरियर को टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गए और श्यामपुर की ओर भागने लगे। वहीं पुलिस टीम ने जब उनका पीछा किया, तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
साथ ही पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।