रोटरी क्लब ऑफ रामनगर कॉर्बेट सिटी ने नई एंबुलेंस का शुभारंभ किया। क्लब ने जरूरतमंद लोगों की मदद करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सुविधाओं और जनकल्याण से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
रामनगर में रोटरी क्लब ऑफ रामनगर कॉर्बेट सिटी द्वारा नई एंबुलेंस का शुभारंभ किया गया। वही क्लब ने इस मौके पर गरीब और जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद करने का संकल्प भी लिया। बता दे, पैठपड़ाव स्थित रामलीला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रसिद्ध उद्योगपति देवेंद्र अग्रवाल ने फीता काटकर एंबुलेंस को समाज को समर्पित किया।
इस अवसर पर पवन अग्रवाल, राज मेहरोत्रा, शाखा अध्यक्ष राजीव मित्तल, सचिव उमेश कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजीव अग्रवाल द्वारा किया गया। वही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि देवेंद्र अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब का उद्देश्य समाज के गरीब, जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद कर उनके जीवन में खुशियां लाना है। उन्होंने कहा कि क्लब लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है और भविष्य में भी समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाता रहेगा।
उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा पूर्व में संचालित एंबुलेंस लगभग 12 सालों से सेवा दे रही थी, जो अब जर्जर हो चुकी थी। ऐसे में क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए नई एंबुलेंस की शुरुआत की गई है, जिससे मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी और एंबुलेंस के अभाव में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। रोटरी क्लब का कहना है कि यह एंबुलेंस विशेष रूप से जरूरतमंद लोगों के लिए मददगार साबित होगी और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।