रुद्रपुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है,
रुद्रपुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का लालच देकर ठगों ने एक शिक्षक से 25 लाख 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक अल्मोड़ा निवासी एक शिक्षक को 9 जून को एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल कर खुद को एक नामी ब्रोकरेज कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने कम निवेश में अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया और शेयर मार्केट में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में शिक्षक से 25 हजार रुपये निवेश करवाए गए और बाद में फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर अच्छा मुनाफा दिखाया गया।
भरोसा जीतने के बाद ठगों ने शेयर ट्रेडिंग में भारी नुकसान होने का डर दिखाया और नुकसान की भरपाई के नाम पर लगातार पैसे जमा करवाए। शिक्षक और उनकी पत्नी ने अलग-अलग खातों में कुल 25 लाख 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब न मुनाफा मिला और न ही रकम वापस हुई, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। फिलहाल साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।