स्टेट बैंक कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर 25 और 26 मई 2026 को देशव्यापी दो दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।
अखिल भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया कर्मचारी संघ यानी AISBISF के बैनर तले देशभर में स्टेट बैंक कर्मचारियों ने 25 और 26 मई 2026 को दो दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। जहां कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। बता दे, संघ की प्रमुख मांगों में संदेशवाहकों और सशस्त्र गार्डों की भर्ती, पर्याप्त स्टाफ नियुक्ति, स्थायी नौकरियों में आउटसोर्सिंग बंद करने, कर्मचारियों की कैरियर प्रगति योजना की समीक्षा और पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान शामिल है। इसके अलावा कर्मचारियों ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति योजना में सुधार, NPS कर्मचारियों को पेंशन निधि प्रबंधक बदलने का विकल्प देने और मानव संसाधन प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की भी मांग उठाई है। वही कर्मचारी संघ का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं इस दो दिवसीय हड़ताल का असर बैंकिंग सेवाओं पर भी पड़ सकता है।