कालाढूंगी-नैनीताल हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों के बाद परिवहन विभाग ने वैज्ञानिक रोड सेफ्टी ऑडिट शुरू कर दिया है।
कालाढूंगी-नैनीताल हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों के बाद अब परिवहन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग का वैज्ञानिक ऑडिट शुरू कर दिया गया है, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। दरअसल, कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और विशेष रूप से टेंपो ट्रैवलर वाहनों में सामने आ रही ब्रेक फेल की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम ने पूरे मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, पुलिस और सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों ने मंगोली, घटगढ़, ब्रह्मबाबू मंदिर, प्रिया बैंड और भाखड़पुल समेत सात संवेदनशील ब्लैक स्पॉट का वैज्ञानिक विश्लेषण किया। साथ ही मौके पर ही सुरक्षा मानकों के अनुसार आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए। वहीं, विशेषज्ञ टीम ने टेंपो ट्रैवलर में सफर कर सड़क की भौगोलिक स्थिति और वाहनों की तकनीकी जांच भी की। अब इस पूरे निरीक्षण की विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर तैयार की जाएगी। ऐसे में परिवहन विभाग का मानना है कि इन सुधारात्मक कदमों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और नैनीताल आने-जाने वाले हजारों यात्रियों की यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित बन सकेगी।