हल्द्वानी में SIR अभियान के दौरान प्रपत्रों की कथित कालाबाजारी का मामला गरमाता जा रहा है। विधायक सुमित हृदयेश ने प्रशासन से मुलाकात कर आम जनता की परेशानियों को उठाया।
SIR अभियान के बीच अब प्रपत्रों की कथित कालाबाजारी का मुद्दा भी गरमाता नजर आ रहा है… और इसी को लेकर हल्द्वानी के विधायक सुमित हृदयेश ने प्रशासन को सख्त कार्रवाई की मांग के साथ अल्टीमेटम दिया है। दरअसल, विधायक सुमित हृदयेश ने सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी से मुलाकात की और SIR अभियान के दौरान आम लोगों को हो रही परेशानियों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि लोगों को जरूरी दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और सत्यापन को लेकर कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में पूरी प्रक्रिया को आसान और साफ-सुथरा बनाने की जरूरत है।
वहीं, विधायक ने तहसील परिसर में SIR प्रपत्रों की कथित कालाबाजारी की शिकायत भी प्रशासन के सामने रखी। उनका आरोप है कि कुछ लोग तय कीमत से ज्यादा पैसे लेकर प्रपत्र बेच रहे हैं और लोगों की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। सुमित हृदयेश ने प्रशासन से ऐसे लोगों पर तुरंत कार्रवाई और कड़ी निगरानी की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता के मताधिकार से जुड़े किसी भी काम में गड़बड़ी या गलत फायदा उठाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।