नैनीताल में स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में लोगों का प्रदर्शन तेज हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने अतिरिक्त बिजली बिल और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए हैं।
नैनीताल में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया के खिलाफ लोगों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। बता दे, गुरुवार को स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संगठनों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया, साथ ही सरकार और ऊर्जा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। वही प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। उनका आरोप है कि नई प्रणाली में बिजली बिलों की पारदर्शिता को लेकर लोगों के मन में कई तरह की आशंकाएं हैं। उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने से पहले उपभोक्ताओं की चिंताओं को गंभीरता से सुना जाए और लोगों को इस तकनीक की पूरी जानकारी दी जाए।
वहीं, बिजली विभाग का कहना है कि स्मार्ट मीटर आधुनिक तकनीक पर आधारित हैं, जिनसे बिजली खपत की सटीक निगरानी, ऑनलाइन बिलिंग और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। विभाग का दावा है कि इससे उपभोक्ताओं को भी कई सुविधाएं मिलेंगी।
हालांकि, विरोध कर रहे लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। ऐसे में अब सभी की नजरें प्रशासन और ऊर्जा विभाग के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।