हल्द्वानी से सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत हो गई। सरकार श्रद्धालुओं को निःशुल्क यात्रा, भोजन, आवास, चिकित्सा और परिवहन की सुविधा उपलब्ध करा रही है।
आस्था, संस्कृति और श्रद्धा से जुड़ी एक विशेष पहल के तहत नैनीताल जनपद से सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा का शुभारंभ हो गया। आपको बतादे की हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से लगभग 37 श्रद्धालुओं को नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि यह योजना उन लोगों के लिए किसी सौभाग्य से कम नहीं है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने बताया कि सरकार श्रद्धालुओं को निःशुल्क यात्रा, आवास, भोजन, चिकित्सा और स्थानीय परिवहन जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। वहीं, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने जानकारी दी कि हल्द्वानी से रवाना हुए श्रद्धालु पहले देहरादून पहुंचेंगे, जहां प्रदेश के सभी 13 जिलों से आए यात्रियों का समागम होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य प्रदेशवासियों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।