हल्द्वानी में नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती 17 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने केंद्र संचालक पर मारपीट और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हल्द्वानी से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक, 17 वर्षीय शुभम अधिकारी को नशे की आदत के चलते दो महीने पहले एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। परिवार का कहना है कि 21 अप्रैल को जब वे उससे मिलने गए थे, तब वह बिल्कुल ठीक था। लेकिन 24 अप्रैल की रात अचानक केंद्र से फोन आया कि शुभम बेहोश हो गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनका बेटा अकेला बेड पर पड़ा था और केंद्र का कोई कर्मचारी वहां मौजूद नहीं था।
डॉक्टरों ने जांच में बताया कि किशोर के लीवर और किडनी में संक्रमण था। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। करीब 15 दिन तक इलाज चलने के बाद C उसकी मौत हो गई। परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र के संचालक पर बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इसी वजह से उसकी हालत बिगड़ी। इस मामले में पहले ही केंद्र की संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, इस घटना के बाद पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए जांच जारी है।