उत्तराखंड में सरकार ने जनहित से जुड़े दो बड़े फैसले लिए हैं।होमगार्ड जवानों के वर्दी भत्ते में बड़ी बढ़ोतरी, दूसरी ओर स्वच्छता अभियान को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
उत्तराखंड में सरकार ने जनहित से जुड़े दो बड़े फैसले लिए हैं। जिससे एक ओर होमगार्ड जवानों को राहत मिली है, तो वहीं दूसरी ओर स्वच्छता अभियान को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, राज्य सरकार ने होमगार्ड जवानों के वर्दी भत्ते में बड़ी बढ़ोतरी करते हुए इसे 3300 रुपये कर दिया है, जो कि पहले की तुलना में लगभग तीन गुना ज्यादा है। इस फैसले के बाद, प्रदेश के हजारों जवानों को सीधा लाभ मिलेगा, और लंबे समय से लंबित इस मांग के पूरा होने से जवानों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि, इससे न सिर्फ उनका मनोबल बढ़ेगा, बल्कि उनकी कार्यक्षमता में भी सुधार आएगा।
वहीं, स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने उन्नीस करोड़ सतासी लाख रुपये की धनराशि कचरा निस्तारण के लिए मंजूर की है, ताकि शहरों में पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जा सके। इस योजना के तहत, सबसे अधिक 11 करोड़ उनतालीस लाख रुपये हल्द्वानी को आवंटित किए गए हैं, जबकि अन्य छोटे नगर निकायों के लिए भी अलग बजट का प्रावधान किया गया है। सरकार का कहना है कि, इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना है, और इसे नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के अनुरूप भी माना जा रहा है।
फिलहाल, इन दोनों फैसलों को प्रशासनिक सुधार और जनहित के बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे एक ओर जवानों को राहत मिलेगी, तो दूसरी ओर प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद है।