उत्तराखंड के चम्पावत जिले के लोहाघाट में देश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की शुरुआत हो गई है। पहले बैच के लिए 30 प्रतिभावान छात्राओं का चयन किया गया है।
उत्तराखंड ने खेल और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। दरअसल, चम्पावत जिले के लोहाघाट में स्थापित देश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज ने आज यानी 5 जुलाई से अपने ऐतिहासिक सफर की शुरुआत कर दी है। वही चयन परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद पहले बैच के लिए 30 प्रतिभावान छात्राओं का चयन किया गया है।
इस उपलब्धि पर प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने खुशी जताते हुए चयनित छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई दी, उन्होंने कहा कि ये केवल एक सरकारी परियोजना नहीं, बल्कि राज्य की बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने वाला ऐतिहासिक कदम है।
साथ ही खेल मंत्री ने कहा कि वो आज एक मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी की मां और बहन के रूप में गर्व महसूस कर रही हैं। बता दे, ये भारत का पहला ऐसा समर्पित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज है, जहां केवल बेटियों को विश्वस्तरीय खेल प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएगी। इससे खासकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा।