केदारनाथ यात्रा से पहले साइबर ठगों पर बड़ा एक्शन, 100+ फर्जी पेज बंद। हेलीकॉप्टर टिकट ठगी पर सख्ती, संदिग्ध वेबसाइट्स, मोबाइल नंबर और बैंक खातों पर भी कार्रवाई।
उत्तराखंड में श्री केदारनाथ धाम यात्रा से पहले साइबर ठगों पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर हो रही ठगी को रोकने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ने मुख्यमंत्री के निर्देश में सख्त अभियान चलाया नीहारिका तोमर के नेतृत्व में बनाई गई “साइबर फ्रॉड कॉम्बैट फोर्स” ने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस ने 111 संदिग्ध फेसबुक पेजों में से 106 को सफलतापूर्वक टेकडाउन कर दिया है, जबकि 16 इंस्टाग्राम अकाउंट्स को भी रिपोर्ट किया गया है। सिर्फ सोशल मीडिया ही नहीं, बल्कि साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे मोबाइल नंबरों पर भी कार्रवाई की गई है।
कुल 110 नंबरों में से 55 नंबर ब्लॉक कर दिए गए हैं, जबकि बाकी नंबरों को भी ब्लॉक कराने की प्रक्रिया जारी है। वित्तीय स्तर पर भी पुलिस ने शिकंजा कसते हुए ठगी में इस्तेमाल हो रहे 6 बैंक खातों की जांच की, जिनमें से एक खाते को डेबिट फ्रीज कर दिया गया है।
अन्य खातों पर भी कार्रवाई जारी है। इसके अलावा हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर चल रही 22 संदिग्ध वेबसाइट्स को चिन्हित कर डोमेन रजिस्ट्रार को रिपोर्ट भेजी गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट केवल
IRCTC Heli Yatra Portal की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही बुक करें।
किसी भी फर्जी लिंक, फेसबुक विज्ञापन या व्हाट्सएप मैसेज के झांसे में न आएं।
साथ ही, साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने साफ किया है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।