हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में महिला से सोने के कुंडल झपटने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आर्थिक तंगी और दो परिवारों का खर्च उठाने के दबाव में उसने झपटमारी का रास्ता अपनाया।
हरिद्वार से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आर्थिक तंगी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बोझ ने एक युवक को अपराध की राह पर धकेल दिया। सिडकुल थाना क्षेत्र में महिला के कान से सोने के कुंडल झपटने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान नसीम मलिक, पुत्र मुंशरीफ उर्फ निन्हा, निवासी ग्राम गोविन्दपुर दादूपुर, थाना रानीपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दो शादियां कर रखी हैं और दोनों परिवारों का खर्च उठाना उसके लिए मुश्किल हो रहा था। दिहाड़ी मजदूरी से घर का गुजारा नहीं हो पा रहा था, जिसके चलते उसने झपटमारी का रास्ता अपनाया। घटना 27 मार्च की है, जब रोशनाबाद निवासी एक महिला अपने पति के साथ बाजार गई थी। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर एक बाइक सवार युवक ने महिला के कान से सोने के कुंडल झपट लिए और फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और एसओजी व सीआईयू की मदद से आरोपी का स्कैच तैयार किया। आखिरकार पुलिस ने आरोपी नसीम को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस बाइक और महिला के कुंडल बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।