उत्तराखंड के हरिद्वार के 4.2 फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उत्तराखंड के हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 4:30 बजे 4.2 फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। वहीं हादसा इतना भयानक था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। साथ ही सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। इतना ही नहीं घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
वहीं हादसे में 18 साल के अहान निवासी बढ़ापुर और 35 साल के फहीम की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान की जा रही है। इसी के साथ पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
साथ ही पुलिस ने दोनों वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कर दिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है।