उत्तराखंड में मानसून तेज, कई जिलों में भारी बारिश। देहरादून-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, भूस्खलन से चारधाम यात्रा प्रभावित, स्कूल बंद।
उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और इसका असर अब साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। बता दे, प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
साथ ही मौसम विभाग ने देहरादून और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां भारी से बहुत भारी बारिश, तेज गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों की बात करें तो कई इलाकों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा कालसी में एक सौ तिरासी मिलीमीटर, और चकराता में एक सौ अठहत्तर मिलीमीटर बारिश ने हालात को और गंभीर बना दिया है। वही लगातार बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं और चारधाम यात्रा मार्ग भी कई जगह बाधित हो गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए हैं।
इधर बागेश्वर और पिथौरागढ़ में एहतियातन स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार 24 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का यह दौर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों से दूर रहें।