उत्तराखंड में भारी मानसूनी बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रुद्रप्रयाग में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
उत्तराखंड में मानसून अब आफत बनता जा रहा है। दरअसल, राज्य के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। ऐसे में मौसम विभाग ने देहरादून समेत 6 जिलों—पौड़ी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत में यलो अलर्ट जारी किया है। सबसे चिंताजनक स्थिति रुद्रप्रयाग जिले में देखने को मिल रही है, जहां अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसी क्रम में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वही मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के दौर जारी रह सकते हैं और मैदानी क्षेत्रों में बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। लगातार बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं, जिससे कई मार्ग बाधित होने की आशंका है। इतना ही नहीं बल्कि अगले तीन दिनों तक बारिश तूफ़ान से राहत के आसार नहीं हैं, ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें।