नैनीताल में प्रशासन ने अवैध और नियमों के विपरीत संचालित होम स्टे पर बड़ा अभियान चलाया है। जांच में 35 होम स्टे बिना पंजीकरण और 123 इकाइयां मानकों के खिलाफ संचालित पाई गईं।
नैनीताल में अब नियमों को नजरअंदाज कर चल रहे होम स्टे संचालकों पर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। दरअसल, जिलेभर में चलाए गए बड़े जांच अभियान में कई होम स्टे अवैध और मानकों के विपरीत संचालित पाए गए, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।
बता दे, जांच के दौरान कई होम स्टे होटल की तरह संचालित होते मिले, जबकि कुछ इकाइयां बिना वैध पंजीकरण के चल रही थीं। प्रशासन को कई जगहों पर पार्किंग व्यवस्था, पर्यटकों के रिकॉर्ड और किराया सूची जैसी जरूरी व्यवस्थाओं में भी खामियां मिलीं।
साथ ही प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक जिले में कुल 238 होम स्टे की जांच की गई। इनमें 35 होम स्टे बिना पंजीकरण संचालित पाए गए, जबकि 123 इकाइयां निर्धारित मानकों के विपरीत चलती मिलीं। सबसे ज्यादा कार्रवाई नैनीताल और कैंची धाम क्षेत्र में की गई, जहां बड़ी संख्या में अनियमितताएं सामने आईं। वहीं जिलाधिकारी ने साफ कहा है कि बिना पंजीकरण और नियमों का उल्लंघन कर संचालित होम स्टे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।