उत्तराखंड में धर्मांतरण से जुड़े तीन मामलों में पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर SIT गठित कर दी है। आरोप है कि लोगों को लालच, दबाव और प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की जा रही थी।
उत्तराखंड में धर्मांतरण के मामलों को लेकर पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। जी हां… ऊधम सिंह नगर में धर्म परिवर्तन से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज होने के बाद SSP ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी SIT गठित कर दी है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के बाद पुलिस ने ये बड़ी कार्रवाई की है। वही एसएसपी अजय गणपति ने साफ कहा है कि डर, लालच, दबाव या झूठे प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बता दे, पहला मामला खटीमा कोतवाली क्षेत्र से सामने आया, जहां आरोप है कि प्रार्थना सभाओं के जरिए लोगों को बहकाकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा था। वहीं नानकमत्ता क्षेत्र में चर्च बनाकर धर्म प्रचार और धर्म परिवर्तन के बदले लाखों रुपये का लालच देने के आरोप लगे हैं। साथ ही तीसरे मामले में हिंदू धर्म के खिलाफ नफरत फैलाने और सामाजिक भेदभाव खत्म करने के नाम पर लोगों को गुमराह करने पर शिकायत दर्ज कराई गई है। इन तीनों मामलों में उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। वही पुलिस का कहना है कि अगर कोई भी व्यक्ति धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश करता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।