नैनीताल में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना एक युवक को भारी पड़ गया। प्रेशर हॉर्न और रेट्रो साइलेंसर लगी बुलेट बाइक से तेज रफ्तार में घूम रहे युवक को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका।
नैनीताल में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाना एक युवक को भारी पड़ गया। दरअसल, प्रेशर हॉर्न और रेट्रो साइलेंसर लगाकर सड़क पर फर्राटा भर रहे युवक की बुलेट को पुलिस ने सीज कर दिया। बताया जा रहा की मल्लीताल क्षेत्र में यूपी नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक तेज रफ्तार में यातायात पुलिस के सामने से गुजरा। वही बाइक में प्रेशर हॉर्न और रेट्रो साइलेंसर लगा हुआ था, जिससे तेज आवाज निकल रही थी।
पुलिस ने चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन युवक नहीं रुका और आगे बढ़ गया। इसके बाद वायरलेस संदेश के जरिए आगे तैनात पुलिस टीम को सूचना दी गई। जहां आगे पुलिस ने बाइक को रोक लिया। जांच में पता चला कि चालक शाहजहांपुर निवासी अबुशाद है,साथ ही उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और बाइक के पीछे नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। यातायात पुलिस ने कई नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर बाइक को सीज कर दिया। पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले उपकरणों का इस्तेमाल न करने की अपील की है।