लालकुआं: ड्यूटी के बाद अचानक गिरी युवती: मौत पर बवाल, 6 लाख मुआवजा देकर हुआ समझौता

लालकुआं की मदरसन कंपनी में काम करने वाली 21 साल की युवती की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। प्रशासन की मध्यस्थता के बाद 6 लाख मुआवजा और मृतका के भाई-बहन को नौकरी देने पर सहमति बनी है।

लालकुआं: ड्यूटी के बाद अचानक गिरी युवती: मौत पर बवाल, 6 लाख मुआवजा देकर हुआ समझौता
JJN News Adverties

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र की एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाली 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद आज परिजनों सहित स्थानीय लोगों द्वारा पोस्टमार्टम हाउस में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही और उत्पीड़न के आरोप लगाए। पोस्टमार्टम हाउस में प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन की मध्यस्थता में समझौता हुआ, जिसमें 6 लाख मुआवजा और मृतका के भाई-बहन को नौकरी देने पर सहमति बनी।

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत 21 वर्षीय युवती रिमझिम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया और फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। मृतका के पिता का कहना है कि फैक्ट्री में श्रमिकों का उत्पीड़न पहले भी होता रहा है और उनकी बेटी को समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी जान चली गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन मौत से पहले का पूरा सीसीटीवी फुटेज दिखाने से बच रहा है। इसी बीच रिमझिम का मौत से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है।

वीडियो में वह ड्यूटी खत्म कर साथियों के साथ फैक्ट्री गेट से बाहर निकलती दिखाई दे रही है। गेट से कुछ ही दूरी पर चलते-चलते वह अचानक जमीन पर गिर जाती है। उसे गिरता देख साथी कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में कंपनी प्रबंधन द्वारा उसे हल्द्वानी के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। आज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को फैक्ट्री गेट पर रखकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी, जिसके बाद प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन में हड़कंप मच गया। काफी देर चली वार्ता और जिला प्रशासन की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। समझौते के तहत पीड़ित परिवार को 6 लाख रुपये मुआवजा, मृतका की बहन और भाई को नौकरी देने तथा फंड से जुड़े दस्तावेज जल्द पूरे कराने में सहयोग देने पर सहमति बनी है। 
सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधक और मृतक के परिजनों के बीच समझौता हो गया है। मौत के कारणों का पता पीएम रिपोर्ट के आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

JJN News Adverties
JJN News Adverties