रामनगर के कॉर्बेट फन रिसोर्ट में पर्यटकों, जिप्सी चालक और रिसोर्ट संचालक के बीच हुए विवाद ने कानूनी मोड़ ले लिया। मारपीट और पुलिस के साथ कथित अभद्रता के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कॉर्बेट घूमने आए पर्यटकों की ट्रिप उस वक्त मुसीबत में बदल गई जब रामनगर के एक रिसोर्ट में हुए विवाद के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल, मामला रामनगर के टेड़ा गांव स्थित कॉर्बेट फन रिसोर्ट का है। वही रिसोर्ट संचालक मुकेश जोशी के मुताबिक 24 जून को चंडीगढ़ और गाजियाबाद से आए दो पर्यटक रिसोर्ट में ठहरे थे। दोनों ने ऑनलाइन बुकिंग कराई थी और दिन में जंगल सफारी के लिए गए थे। शाम को सफारी से लौटने के बाद जिप्सी चालक भी पर्यटकों के कमरे में चला गया। रिसोर्ट संचालक का आरोप है कि जब उन्होंने चालक की मौजूदगी पर आपत्ति जताई और पहचान पत्र मांगा तो कमरे के अंदर शराब और बीयर की बोतलें दिखाई दीं। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पर्यटकों और जिप्सी चालक ने रिसोर्ट संचालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम और महिला उपनिरीक्षक के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। बता दे, पुलिस ने रिसोर्ट संचालक की तहरीर पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं महिला उपनिरीक्षक की शिकायत पर भी एक अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
फिलहाल रामनगर पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।