अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के बढ़ते मामलों के बीच उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया। सरकारी और निजी अस्पतालों को मरीजों की निगरानी बढ़ाने और ट्रेवल हिस्ट्री की जांच करने के निर्देश दिए
कोरोना महामारी के बाद अब एक और खतरनाक वायरस को लेकर उत्तराखंड में सतर्कता बढ़ा दी गई है। दरअसल, अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के बढ़ते मामलों के बीच उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को विशेष निगरानी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
वही कांगो और युगांडा में इबोला वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में स्वास्थ्य महानिदेशालय ने प्रदेशभर के अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों को एडवाइजरी जारी कर संदिग्ध मरीजों पर विशेष नजर रखने को कहा है।
बता दे महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुनीता टम्टा के निर्देश पर जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों को खासतौर पर उन लोगों की जांच पर ध्यान देने को कहा गया है, जो हाल ही में इबोला प्रभावित देशों से यात्रा करके लौटे हैं।
वही डॉक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, गले में खराश, उल्टी, दस्त या त्वचा पर एलर्जी जैसे लक्षण दिखने पर मरीज की गहन जांच की जाए। साथ ही मरीज की ट्रेवल हिस्ट्री की भी जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। साथ ही एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रवेश बिंदुओं पर भी बाहर से आने वाले यात्रियों की निगरानी मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।