हल्द्वानी में महिला सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं, जहां दिनदहाड़े एक युवती से छेड़छाड़ की गई और जब पिता ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन पर ही नुकीले हथियार से जानलेवा हमला कर दिया
हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने राह चलती युवती से छेड़छाड़ कर दी। बताया जा रहा है कि युवती अपने पिता के साथ पैदल जा रही थी, तभी आरोपी ने उन्हें रोक लिया और बिना किसी वजह के अभद्रता शुरू कर दी। जब पिता ने इसका विरोध किया, तो आरोपी और ज्यादा उग्र हो गया और नुकीले हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका सिर फट गया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती के साथ छेड़छाड़ करते हुए उसे दुष्कर्म की धमकी भी दी, जिससे पीड़ित परिवार दहशत में आ गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी डर का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़ और आपराधिक धमकी सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।