हल्द्वानी के रानीबाग स्थित चित्राशिला घाट में मुक्तिधाम के पास शुरू की गई चौपाटी का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया। जनभावनाओं को देखते हुए प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर चौपाटी को सील कर दिया।
हल्द्वानी के रानीबाग स्थित चित्राशिला घाट इन दिनों एक बड़े विवाद का केंद्र बन गया है। दरअसल, कुमाऊं के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में गिने जाने वाले इस परिसर में मुक्तिधाम और शनिदेव मंदिर के पास एक चौपाटी यानी फूड कोर्ट शुरू किए जाने की कोशिश ने लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत कर दिया। बताया जा रहा है कि जिस स्थान को पहले विवादों के चलते प्रशासन द्वारा सील किया गया था, उसी परिसर के एक हिस्से में दोबारा व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने की तैयारी की गई। इतना ही नहीं, बाकायदा लाल रिबन काटकर चौपाटी का उद्घाटन भी कर दिया गया।
जैसे ही इसकी जानकारी स्थानीय लोगों तक पहुंची, सोशल मीडिया पर विरोध की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने इसे मोक्षधाम और धार्मिक स्थल की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया। मामला तेजी से बढ़ा और देखते ही देखते प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बन गया।
वही जनभावनाओं और बढ़ते विरोध को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नव-स्थापित चौपाटी को अगले आदेश तक सील कर दिया। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया या परिसर की पवित्रता और निर्धारित मानकों के विपरीत कोई गतिविधि हुई, तो अवैध निर्माण और विवादित बाउंड्री वॉल को भी हटाने की कार्रवाई की जाएगी।