विशालकाय गोह ने बढ़ाई लोगों की धड़कनें, हुआ सुरक्षित रेस्क्यू

रामनगर के मोती महल क्षेत्र में एक विशालकाय गोह दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। बच्चों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गोह को सुरक्षित पकड़ लिया।

विशालकाय गोह ने बढ़ाई लोगों की धड़कनें, हुआ सुरक्षित रेस्क्यू
JJN News Adverties

रामनगर। शहर के मोती महल क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक विशालकाय गोह (मॉनिटर लिजार्ड) रिहायशी इलाके में दिखाई दिया। टावर के समीप गोह के नजर आते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बच्चों में डर का माहौल बन गया और कई बच्चे घबराकर अपने घरों के अंदर छिप गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत वार्ड नंबर-6 के सभासद पारस गोला को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सभासद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने वन्यजीवों और सर्पों के रेस्क्यू कार्य में सक्रिय राजेश कश्यप को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर राजेश कश्यप अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोह को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद आखिरकार विशालकाय गोह को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया गया। सभासद पारस गोला ने बताया कि सोमवार शाम को भी इसी गोह को पुरानी पटवारी चौकी के आसपास देखा गया था। उस समय भी इसकी तलाश की गई थी, लेकिन वह नहीं मिला। मंगलवार को एक बार फिर मोती महल क्षेत्र में दिखाई देने पर लोगों में दहशत फैल गई। रेस्क्यू विशेषज्ञ राजेश कश्यप ने बताया कि गोह जहरीला नहीं होता, लेकिन इसकी फुर्ती और आकार को देखकर लोग घबरा जाते हैं। उन्होंने कहा कि रिहायशी क्षेत्रों में इसके आने से बच्चों और लोगों में डर का माहौल बन जाता है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू के बाद गोह को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ा जाएगा। गोह के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों और बच्चों ने सभासद पारस गोला तथा रेस्क्यू टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद एक बार फिर वन्यजीवों के आबादी वाले इलाकों में पहुंचने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

JJN News Adverties