हल्द्वानी के काठगोदाम क्षेत्र में एक 24 साल की छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। अंतिम समय में भेजा गया एक मैसेज अब कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हल्द्वानी से जुडी एक दुःखद खबर सामने आ रही है ,जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है..दरअसल ,काठगोदाम थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके में 24 साल की छात्रा दिव्या आर्या ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। दिव्या, हल्द्वानी के प्रतिष्ठित एमबीपीजी कॉलेज की फाइनल ईयर की छात्रा थी और अपने परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम सब कुछ सामान्य था। दिव्या ने अपने परिवार के साथ खाना खाया और फिर अपने कमरे में चली गई। लेकिन इसके कुछ देर बाद उसने अपने एक करीबी युवक मित्र को अचानक अपने मोबाइल का पिन कोड मैसेज किया। ये मैसेज मिलते ही युवक को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ। उसने दिव्या को कई बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद घबराहट में वो तुरंत उसके घर पहुंचा और जब कमरे का दरवाजा खोला गया, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए…क्योंकि अंदर दिव्या फंदे से लटकी हुई थी, जिसके बाद सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, परिवार वाले आनन फ़ानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दिव्या चार बहनों में सबसे बड़ी थी। करीब एक साल पहले उसके पिता का निधन हो चुका था, जिसके बाद परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से कठिन दौर से गुजर रहा था। मां मजदूरी करके अपनी बेटियों की पढ़ाई और परवरिश कर रही थी।
इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। वही सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही दिव्या का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर उसने आत्महत्या से पहले अपने दोस्त को मोबाइल का पिन कोड क्यों भेजा… क्या इसके पीछे कोई बड़ा कारण छिपा है, या ये सिर्फ एक इशारा था?