हल्द्वानी के युवक की नैनीताल-भवाली मार्ग पर दर्दनाक हादसे में मौत हो गई, जब यात्रियों से भरी कार खाई में गिर गई। हादसे में कई पर्यटक घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
हल्द्वानी से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है, जहां नैनीताल-भवाली मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में हल्द्वानी निवासी युवक की जान चली गई। बता दे, हादसा पॉइंस क्षेत्र के पास हुआ, जब यात्रियों से भरा एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो परीक्षा देने नैनीताल जा रहा था। बताया जा रहा है कि वो अन्य यात्रियों के साथ कैंची धाम होते हुए आगे बढ़ रहा था, तभी ये हादसा हो गया,और मौके पर युवक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में राजस्थान के जोधपुर निवासी अरविंद सिंह और रूपनगर निवासी युवराज सहित कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। वही हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। बता दे, सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिसके बाद खाई की गहराई और दुर्गम रास्तों के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। वही हल्द्वानी के युवक की मौत के बाद इलाके और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आ सकेगा