हरिद्वार में ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकली किशोरी की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। परिजनों ने दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
हरिद्वार में एक किशोरी की मौत ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ये मामला ज्वालापुर क्षेत्र का है, जहां एक किशोरी ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की और फिर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। अगली सुबह किशोरी अपने एक दोस्त के साथ कनखल क्षेत्र में मिली। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। किशोरी ने बताया कि वह अपनी मर्जी से घूमने गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
लेकिन रात में अचानक किशोरी की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद मामला पूरी तरह बदल गया। परिजनों ने किशोरी के दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए, जिसमें सामूहिक दुष्कर्म जैसे आरोप भी शामिल हैं। इसको लेकर जिला अस्पताल में हंगामा भी हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया और उसकी वीडियोग्राफी भी की गई। शुरुआती जांच में जहर खाने से मौत की बात सामने आई है, लेकिन असली कारण अभी साफ नहीं है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। फिलहाल, इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और सभी की नजर अब जांच के नतीजों पर टिकी है।