उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून और चम्पावत में स्कूल बंद हैं। जानिए किन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश की चेतावनी है !!
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 18 जुलाई के लिए देहरादून, नैनीताल, चम्पावत और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, तेज गर्जना और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
खटीमा – 61.5 मिमी
चमोली – 53 मिमी
हल्द्वानी – 11 मिमी
इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है।
देहरादून और चम्पावत में स्कूल बंद
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए देहरादून और चम्पावत जिलों में सभी सरकारी, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 18 जुलाई को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से आदेशों का पालन करने की अपील की है।
21 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि 21 जुलाई तक प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के कई जिलों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बाधित होने की आशंका भी जताई गई है।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
संभावित खतरे को देखते हुए SDRF, पुलिस, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। लोगों से अपील की गई है कि—
नदी-नालों और बरसाती गदेरों के पास न जाएं।
भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें।
मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।
किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
प्रदेश में लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए अगले कुछ दिन चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने और मौसम की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।