रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में सड़क किनारे फंसे डंपर को निकालने के दौरान हाइड्रा मशीन अनियंत्रित होकर एक मकान में घुस गई। हादसे में बड़ा नुकसान हुआ, लेकिन समय रहते महिलाएं सुरक्षित बच गईं।
रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र स्थित भवानीपुर बड़ी-पापड़ी गांव में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। सड़क किनारे धंसे 22 टायर डंपर को निकालने पहुंची हाइड्रा मशीन अचानक अनियंत्रित होकर पास के एक मकान की दीवार तोड़ते हुए आंगन में घुस गई। उस समय घर की महिलाएं आंगन में मौजूद थीं, लेकिन समय रहते हट जाने से सभी सुरक्षित बच गईं। तो वही पीड़ित भरत सिंह सैनी के अनुसार, डंपर को निकालने के दौरान हाइड्रा पलट गई और घर को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद चालक मशीन में फंस गया, जिसे ग्रामीणों ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर भारी वाहनों पर रोक और तय समय में संचालन की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दो डंपरों को सीज कर यातायात बहाल कराया।
