अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे देश के साथ-साथ पर्यटन नगरी रानीखेत में भी योग की धूम देखने को मिली। बता दे, विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां बच्चों, युवाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
वही रानीखेत छावनी परिषद और भोले बाबा हैड़ाखान मंदिर परिसर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम "योगा फॉर हेल्दी एजिंग" रही, जिसके तहत लोगों को स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया गया।
साथ ही हैड़ाखान मंदिर परिसर में आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं उत्तराखंड तथा भोले बाबा आयुर्वेदिक चिकित्सालय एवं रिसर्च सेंटर चिलियानौला के संयुक्त तत्वावधान में योग शिविर आयोजित किया गया। वहीं छावनी परिषद के बहुउद्देशीय भवन में सामूहिक योगाभ्यास का कार्यक्रम हुआ। इसके अलावा कार्यक्रम का शुभारंभ रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल और तहसीलदार दीपिका आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों का स्वागत औषधीय पौधे भेंट कर किया गया। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया और योग के शारीरिक व मानसिक लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।