रामनगर में एक युवक का जला हुआ शव जंगल में बरामद हुआ। मृतक गुरदास बुधवार को मजदूरी के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल से बरामद हुआ।
रामनगर के करेलपुरी गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गुरुवार सुबह जंगल में एक युवक का जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद जहां लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय गुरदास को बुधवार सुबह गांव का ही एक व्यक्ति मजदूरी के बहाने अपने साथ ले गया था। लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। गुरुवार सुबह गांव के पास जंगल में गुरदास का जला हुआ शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक के परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पहले उससे काम करवाया और फिर किसी विवाद के बाद अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की और उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जिंदा जला दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने 5 से 6 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।