हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में एक अजीबोगरीब चोरी की घटना सामने आई है।
हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति महिलाओं के कपड़े चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।तो वही यह पूरी घटना अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
आपको बता दे मामला हल्द्वानी के आनंदपुरी महेश नगर, वार्ड नंबर-9 का है। जानकारी के अनुसार 19 जून की रात करीब साढ़े तीन बजे एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति गली में घूमता हुआ दिखाई देता है। इसी दौरान उसकी नजर एक घर के आंगन में सूख रहे कपड़ों पर पड़ती है।तो वही सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि संदिग्ध व्यक्ति करीब आठ फीट ऊंची दीवार फांदकर घर के अंदर प्रवेश करता है। इसके बाद वह आंगन में टंगे कपड़ों को एक-एक कर उतारता है और उन्हें अपने कपड़ों के अंदर छिपा लेता है।
आपको बता दे चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद वह उसी दीवार को फांदकर बाहर निकल जाता है। कुछ देर तक वह घर के बाहर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता है और फिर मौके से फरार हो जाता है।स्थानीय लोगों के मुताबिक संदिग्ध ने टी-शर्ट, लोअर और स्पोर्ट्स शूज पहन रखे थे। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति इतनी आसानी से घर में घुस सकता है तो भविष्य में बड़ी वारदात की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
जानकारी के मुताबिक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है।फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। अब देखना होगा कि सीसीटीवी में कैद यह संदिग्ध कब तक पुलिस की गिरफ्त में आता है।