उत्तराखंड में मानसून की दस्तक जल्द होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई पर्वतीय जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में मानसून की आहट अब साफ सुनाई देने लगी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून उत्तराखंड में दस्तक दे सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
बता दे, मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और वर्तमान परिस्थितियां इसके लिए पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। अगले कुछ दिनों में मानसून उत्तर भारत की ओर बढ़ते हुए उत्तराखंड के कई हिस्सों तक पहुंच सकता है।
ऐसे में मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही बुधवार को राजधानी देहरादून में सुबह तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली।आसमान में बादल छा गए और कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। मानसून की सक्रियता के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर बिजली चमकने के समय खुले स्थानों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है और यदि मौसम विभाग का अनुमान सही साबित होता है तो अगले कुछ दिनों में प्रदेशवासियों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिल सकती है।