रामनगर में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान आशीष पंचौली के रूप में हुई है।
रामनगर के नंदपुर गैबुवा क्षेत्र में 32 साल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बता दे , मृतक की पहचान आशीष पंचौली, पुत्र जगदीश पंचौली, निवासी नंदपुर गैबुवा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात युवक को गंभीर हालत में रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वही अस्पताल के चिकित्सक डॉ. तौहीद के अनुसार, जब युवक को अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। साथ ही चिकित्सकीय जांच में युवक के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले, लेकिन गले पर निशान पाए गए हैं।
इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रथम दृष्टया फांसी लगाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण क्या है, ये पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वही घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जानकारी जुटाई जा रही है। रामनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना जांच पूरी हुए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।