नैनीताल की पहचान मानी जाने वाली नैनीझील में गंदा पानी मिलने की शिकायतों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठंडी सड़क क्षेत्र से लगातार गंदा पानी झील में पहुंच रहा है।
नैनीताल की खूबसूरती और पहचान मानी जाने वाली नैनीझील इन दिनों एक गंभीर पर्यावरणीय समस्या का सामना कर रही है। वही स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठंडी सड़क क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गंदा पानी लगातार झील में मिल रहा है। बता दे, मौके पर मौजूद तस्वीरों और वीडियो में भी साफ देखा जा सकता है कि सड़क किनारे बह रहा पानी सीधे नैनीझील में पहुंच रहा है। इतना ही नहीं, झील के किनारे प्लास्टिक कचरे के बीच एक मृत मछली मिलने से भी लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो इसका सीधा असर झील के जल और उसमें रहने वाले जलीय जीवों पर पड़ सकता है। साथ ही स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई दिनों से यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि इसी मार्ग से रोजाना हजारों पर्यटक, स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी गुजरते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बिना उपचार किया गया गंदा पानी लगातार झील में पहुंचता रहा तो पानी की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, जल संस्थान, जल निगम, नगर पालिका परिषद और उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से तत्काल जांच कर कार्रवाई की मांग की है।