नैनीताल पुलिस ने ब्लैक फिल्म, अवैध नीली बत्ती और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर रौब झाड़ने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून सबके लिए बराबर है।
अगर आप भी गाड़ी पर ब्लैक फिल्म ,अवैध नीली बत्ती या अजीबो-गरीब नंबर प्लेट लगाकर रौब झाड़ने की कोशिश करते हैं… तो सावधान हो जाइए। जी हाँ, नैनीताल पुलिस अब ऐसे लोगों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। बता दे, SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पूरे जनपद में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जहां पुलिस खास तौर पर काले शीशों , अवैध नीली बत्ती, फर्जी नंबर प्लेट और पुलिस या सरकारी विभागों के नाम का गलत इस्तेमाल करने वालों पर सख्त नजर बनाए हुए है।
बता दे, भवाली क्षेत्र में निरीक्षक यातायात महेश चंद्रा ने चेकिंग के दौरान एक वाहन में लगी ब्लैक फिल्म को मौके पर ही उतरवाया और वाहन चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। वहीं हल्द्वानी में निरीक्षक यातायात भूपेश पांडे की टीम ने एक ऐसे वाहन को पकड़ा जिसकी नंबर प्लेट इस तरह डिजाइन की गई थी कि दूर से देखने पर “यादव” लिखा दिखाई दे रहा था। इसके अलावा लालकुआं पुलिस ने रात्रि चेकिंग के दौरान दिल्ली नंबर की एक संदिग्ध कार को सीज किया, जिस पर अवैध नीली बत्ती लगी थी और गाड़ी पर “Delhi Police” लिखा हुआ था। इसी क्रम में नैनीताल पुलिस का साफ संदेश है कि कानून सबके लिए बराबर है और फर्जी रौब दिखाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।