नैनीताल में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। घना कोहरा और लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है।
नैनीताल में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और पूरा शहर इन दिनों घने कोहरे व लगातार हो रही बारिश की आगोश में नजर आ रहा है। दरअसल, देर रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला अब भी जारी है, जबकि चारों ओर इतना घना कोहरा छाया हुआ है कि कुछ ही दूरी तक देख पाना भी मुश्किल हो गया है।
वहीं, तेज गर्जना और बारिश के चलते जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। इतना ही नहीं, खराब मौसम का असर पर्यटन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। जहां कुछ दिन पहले तक नैनीताल पर्यटकों से गुलजार था, वहीं अब सड़कें, बाजार और पर्यटन स्थल काफी हद तक सुनसान नजर आ रहे हैं।
अधिकांश पर्यटक अपने होटलों में ही ठहरे हुए हैं, जबकि नैनी झील में सुबह से नौकायन भी बंद है। हालांकि, पर्यटकों की संख्या कम होने से शहर को ट्रैफिक जाम से राहत जरूर मिली है। उधर, बारिश के कारण ठंड भी बढ़ गई है, जिससे लोगों ने एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। वहीं, बाबा नीम करौली के कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या में कमी देखी जा रही है। फिलहाल, मौसम का यही मिजाज बना रहने की संभावना है और प्रशासन लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।