अब बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल DM ने किया नया नियम लागू

नैनीताल जिले में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' नियम लागू कर दिया गया है। अब बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं मिलेगा।

अब बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल DM ने किया नया नियम लागू
JJN News Adverties

नैनीताल। सड़क हादसों में लगातार हो रही मौतों और गंभीर चोटों के मामलों को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब जिले में 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' नियम लागू कर दिया गया है। इस नए नियम के तहत बिना हेलमेट पेट्रोल पंप पर पहुंचने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जान-माल की हानि को कम करना है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर परिवहन विभाग ने इस व्यवस्था को पूरे जिले में लागू करना शुरू कर दिया है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) अरविंद पांडे द्वारा जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके बाद जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर इस नियम का पालन शुरू हो गया है। पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बिना हेलमेट आए किसी भी दोपहिया चालक को पेट्रोल न दिया जाए।


नियम को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' संबंधी जागरूकता बोर्ड भी लगाए हैं। इसके अलावा परिवहन विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें समय-समय पर निरीक्षण कर नियम के पालन की निगरानी करेंगी। यदि किसी पेट्रोल पंप पर नियमों की अनदेखी पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। 
सिर्फ पेट्रोल पंपों तक ही नहीं, बल्कि जिले के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर भी विशेष सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्डों पर टैक्सी संचालन, बाइक रेंटल और यातायात नियमों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं, ताकि नैनीताल आने वाले पर्यटक और अन्य वाहन चालक जिले में प्रवेश करने से पहले ही स्थानीय नियमों से अवगत हो सकें।
 

प्रशासन के अनुसार हाल के महीनों में जिले में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मौत और गंभीर रूप से घायल होने के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दुर्घटनाओं की जांच में यह तथ्य सामने आया कि अधिकांश मामलों में वाहन चालक या पीछे बैठा व्यक्ति हेलमेट नहीं पहने हुए था। इसी वजह से हादसों में चोटें गंभीर साबित हुईं। इन आंकड़ों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' नियम लागू करने का फैसला लिया है। प्रशासन ने सभी दोपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा मानक (ISI) हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों पर जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करना है।

JJN News Adverties