रामनगर के तराई पश्चिमी वन प्रभाग में ड्यूटी के दौरान वन आरक्षी आनंद बल्लभ जोशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सर्वे कार्य के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया
सुबह घर से ड्यूटी के लिए निकले वन कर्मी को क्या पता था कि वो फिर कभी वापस नहीं लौट पाएंगे।दरअसल, रामनगर से सामने आई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां गुरुवार की दोपहर तराई पश्चिमी वन प्रभाग में ड्यूटी के दौरान एक वन कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो पर्यटन जोन में वर्किंग प्लान के तहत सर्वे कार्य चल रहा था। इसी दौरान वन आरक्षी आनंद बल्लभ जोशी, जो सर्वे ड्यूटी पर तैनात थे, अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जंगल में ही चक्कर खाकर गिर पड़े।
वही मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। मामले में अस्पताल की डॉक्टर हिमानी ने बताया कि प्रारंभिक परीक्षण के बाद यह स्पष्ट हुआ कि मरीज की मौत हॉस्पिटल पहुंचने पहले ही हो चुकी थी, और मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल इस अचानक हुई मौत से वन विभाग में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।