रामनगर पुलिस ने चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 70 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर चोरी किया गया वाहन भी बरामद कर लिया।
रामनगर कोतवाली पुलिस को ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब 70 से 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी 10-10 हजार रुपये के इनामी बदमाश बताए जा रहे हैं।
दरअसल बीती 9 मई को पीरूमदारा क्षेत्र से अज्ञात चोरों द्वारा एक ट्रैक्टर मय ट्रॉली चोरी कर ली गई थी। इस मामले में वाहन स्वामी बृजमोहन पुत्र कृपाल सिंह निवासी भवानीपुर रामनगर की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। जिसके बाद पीरूमदारा चौकी इंचार्ज वीरेंद्र बिष्ट की टीम ने लगातार इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।
करीब 70 से 80 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दौरान पुलिस को दो संदिग्ध लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली ले जाते दिखाई दिए।
इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच को तेजी से आगे बढ़ाया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अतीक पुत्र हफीज और सद्दाम पुत्र लड्डन शाह निवासी फरीदनगर वार्ड नंबर 7 थाना ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर लिया है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी 10-10 हजार रुपये के इनामी बदमाश हैं।
आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। वहीं इस पूरे मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी द्वारा 2 हजार रुपये के इनाम से सम्मानित करने की घोषणा भी की गई है।
रामनगर पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। लगातार सीसीटीवी मॉनिटरिंग और पुलिस की सक्रियता के चलते चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।