कॉर्बेट टाइगर के सामने दौड़ा दी जिप्सी VIRAL VIDEO के बाद कार्रवाई

रामनगर में जंगल सफारी के दौरान एक जिप्सी को बाघ के बेहद करीब ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जांच में वीडियो सही पाए जाने के बाद वन विभाग ने चालक पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया।

कॉर्बेट टाइगर के सामने दौड़ा दी जिप्सी VIRAL VIDEO के बाद कार्रवाई
JJN News Adverties

जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को टाइगर का नजदीकी दीदार कराना एक चालक को भारी पड़ गया। दरअसल, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो जोन में जंगल सफारी के दौरान बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक सफारी जिप्सी को बाघ के बेहद करीब ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वही वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने जांच कर चालक और वाहन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।


बता दे, मामला 11 जून की शाम का बताया जा रहा है। फाटो जोन में सफारी के दौरान वन मार्ग पर एक बाघ दिखाई दिया था। आरोप है कि पर्यटकों को बाघ का बेहद नजदीक से दर्शन कराने के लिए जिप्सी चालक ने वाहन को तेजी से बाघ की ओर बढ़ा दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिप्सी और बाघ के बीच की दूरी बेहद कम रह जाती है। स्थिति ऐसी बन गई कि बाघ को खुद रास्ता छोड़कर हटना पड़ा।


वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की लापरवाही न केवल बाघ के लिए खतरा पैदा करती है बल्कि जिप्सी में बैठे पर्यटकों की जान भी जोखिम में डाल सकती है। वही जांच में वायरल वीडियो सही पाया गया और चालक की पहचान रामनगर निवासी जुबेर के रूप में हुई।


जांच के बाद वन विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए चालक जुबेर को फाटो जोन में हमेशा के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। इतना ही नहीं, संबंधित सफारी जिप्सी का पंजीकरण भी निरस्त कर दिया गया है। वन विभाग का कहना है कि ये कार्रवाई भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने और जंगल सफारी के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए की गई है।

JJN News Adverties
JJN News Adverties