कैंची धाम मेले को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों के बीच SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को वैध पहचान पत्र दिखाने पर निर्बाध आवागमन की अनुमति है।
कैंची धाम स्थापना दिवस और मेले के बीच सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर नैनीताल पुलिस ने बड़ा स्पष्टीकरण जारी किया है। इसी क्रम में SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने साफ कहा है कि कैंची धाम, गरमपानी, हरतपा और आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय लोगों को नहीं रोका जा रहा है और वे वैध पहचान पत्र दिखाकर आसानी से आवागमन कर सकते हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा यह भ्रामक प्रचार किया जा रहा था कि कैंची धाम क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। इस पर SSP ने स्पष्ट किया कि ऐसी खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं और स्थानीय लोगों को किसी भी तरह की अनावश्यक रोक-टोक नहीं की जा रही है।
साथ ही उन्होंने बताया कि कैंची धाम स्थापना दिवस और मेले के दौरान हजारों श्रद्धालु और वाहन क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। ऐसे में यातायात का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन पुलिस द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने ये भी स्पष्ट किया है कि कैंची धाम क्षेत्र के होटलों में जिन श्रद्धालुओं की confrm booking है, उनके वाहनों को भी प्रवेश दिया जा रहा है। इसके लिए होटल बुकिंग का प्रमाण दिखाना होगा, जिसके सत्यापन के बाद वाहन को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।
इस संबंध में SP ट्रैफिक, सीओ ट्रैफिक, एसएचओ भवाली सहित सभी जोनल और सुपर जोनल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि स्थानीय नागरिकों और वैध बुकिंग वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाए।