हल्द्वानी में तेज आंधी-तूफान के चलते BJP नेता के घर की दीवार ढह गई औरदीवार गिरने से बाहर खड़ी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रदेश में खराब मौसम के बीच कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
हल्द्वानी में आसमानी आफत का ऐसा कहर टूटा कि BJP नेता के घर की दीवार तक ढह गई।
दरअसल, उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इन दिनों बेहद बिगड़ा हुआ है और इसका असर अब ज़मीन पर भी साफ दिखने लगा है। हल्द्वानी से सामने आई तस्वीरें डराने वाली हैं, जहां तेज आंधी-तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया है। बता दे, हल्द्वानी के हीरानगर क्षेत्र में भाजपा नेता विजय बिष्ट के घर की दीवार अचानक ढह गई। इतना ही नहीं बल्कि, दीवार गिरने से बाहर खड़ी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। सिर्फ यही नहीं, शहर के कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी के चलते जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वहीं मौसम विभाग ने 4 और 5 मई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जहां देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में तेज बारिश, आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।इसी क्रम में आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट मोड में है, सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि समय रहते लोगों तक चेतावनी पहुंचाई जाए और सतर्कता बरती जाए।