बाबा के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब! 5 घंटे में 40 हजार श्रद्धालु पहुंचे !

बाबा के दर्शन के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु देर रात से ही पहुंचने लगे थे। सुबह कपाट खुलते ही करीब 3 किलोमीटर लंबी कतार लग गई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार शटल सेवा संचालित की जा रही है।

बाबा के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब! 5 घंटे में 40 हजार श्रद्धालु पहुंचे !
JJN News Adverties

"आस्था का महासंगम: कैंची धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुबह 4 बजे से लगी लंबी कतारें" 
जिस पल का लाखों श्रद्धालुओं को इंतजार था, आखिरकार वह शुभ घड़ी आ गई। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज के स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आलम यह रहा कि सुबह चार बजे से ही बाबा के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। कई श्रद्धालु रात भर सड़क किनारे और निर्धारित स्थलों पर अपनी बारी का इंतजार करते रहे, जबकि हजारों लोग देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशों से लंबा सफर तय कर बाबा के दरबार पहुंचे।


सुबह पांच बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष पूजा-अर्चना के बीच जैसे ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए, पूरा कैंची धाम "जय गुरुदेव" और "बाबा नीब करौरी महाराज की जय" के जयघोषों से गूंज उठा। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ने लगी और कुछ ही समय में दर्शन के लिए लगी कतार करीब तीन किलोमीटर तक पहुंच गई। बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली, मुंबई, गुजरात, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। वहीं अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों से भी बाबा के भक्त कैंची धाम पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा और विश्वास उन्हें हर साल यहां खींच लाता है।


श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। किसी भी मार्ग पर श्रद्धालुओं को अनावश्यक रूप से नहीं रोका जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों से लगातार शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं ताकि लोगों को धाम तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। नैनीताल पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। सभी प्रमुख बैरियरों, पार्किंग स्थलों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराने के लिए पुलिस लगातार मोर्चे पर डटी हुई है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मणिकांत मिश्रा स्वयं सुबह से व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।


आस्था, विश्वास और सेवा का अद्भुत संगम
कैंची धाम में इस समय श्रद्धा, भक्ति और विश्वास का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। बाबा नीब करौरी महाराज के प्रति लोगों की आस्था लगातार बढ़ती जा रही है, जिसका प्रमाण हर वर्ष उमड़ने वाली यह विशाल भीड़ है। अनुमान लगाया जा रहा है कि देर शाम तक श्रद्धालुओं का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा और हजारों की संख्या में लोग बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। आस्था के इस महासंगम ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बाबा नीब करौरी महाराज के प्रति श्रद्धालुओं का विश्वास आज भी उतना ही अटूट है, जितना दशकों पहले था।

 

सेवा और व्यवस्थाओं ने जीता श्रद्धालुओं का दिल
स्थापना दिवस के अवसर पर उमड़ी भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं को श्रद्धालुओं ने सराहा। जगह-जगह पेयजल, चिकित्सा सहायता, पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है। स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय लोग भी श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस बार दर्शन व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित दिखाई दी। पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के चलते यातायात व्यवस्था भी काफी हद तक सुचारू बनी रही, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिली।

JJN News Adverties
JJN News Adverties